भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्लेयर्स को चेतावनी दी है कि टीम से जुड़ी जानकारियां पोस्ट न करें। एशिया कप के लिए टीम इंडिया का कैम्प बेंगलुरु में चल रहा है। कैंप में खिलाड़ियों का यो-यो टेस्ट हुआ। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इस टेस्ट में 17.2 अंक हासिल किए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर यह जानकारी पोस्ट की। विराट की पोस्ट के बाद बीसीसीआई ने वॉर्निंग जारी की। विराट के अलावा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, वाइस कैप्टन हार्दिक पंड्या सहित सभी खिलाड़ियों ने यो-यो टेस्ट पास कर लिया है। बीसीसीआई ने फिटनेस पैरामीटर 16.5 रखा। विराट ने 17.2 हासिल किए।

यो-यो टेस्ट में सबसे फिट प्लेयर शुब्मन गिल रहे। हालांकि, आधिकारिक रूप से यो-यो टेस्ट को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों ने विराट को इसके लिए फटकार लगाई है और निर्देश दिए हैं कि टीम इंडिया से संबंधित कोई भी जानकारी बीसीसीआई को बताए बिना सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें।

बता दें 30 अगस्त से पाकिस्तान और श्रीलंका में एशिया कप शुरू हो रहा है। एशिया कप में भारत का पहला मैच 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होगा। बुमराह सहित चार खिलाड़ियों को यो-यो टेस्ट से दी गई है राहत एजेंसी के मुताबिक आयरलैंड दौरे पर टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के कप्तान रहे जसप्रीत बुमराह, दौरे में शामिल प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा को यो यो टेस्ट से राहत दी गई है। सभी चारों खिलाड़ी कैम्प के अभ्यास सत्र में भाग लेंगे।

बुमराह व प्रसिद्ध कृष्णा की आयरलैंड दौरे से टीम में वापसी हुई। बुमराह करीब 9 महीने से पीठ की समस्या के कारण टीम से बाहर थे। वह पिछले साल हुए एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में भी टीम के हिस्सा नहीं थे।