अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की  नई रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के पूर्व  कप्तान केन विलियमसन 883 रेटिंग अंक के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। लेटेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक लगाने वाले स्टीव स्मिथ हैं, जिनके 882 रेटिंग अंक हैं।

न्यूजीलैंड टीम के पूर्व कप्तान आईपीएल के 16वें सीजन में चोटिल होने के बाद से लगातार मैदान से बाहर चल रहे हैं। टीम इंडिया के लिए टेस्ट रैंकिंग निराशाजनक ही कही जाएगी क्योंकि बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी ऋषभ पंत का नाम है। 

लेटेस्ट रैंकिंग में  ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों का दबदबा है। नंबर दो पर स्टीव स्मिथ के अलावा नंबर 3 और 4 की पोजीशन पर ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज़ों का कब्जा है। मार्नश लाबुशेन नंबर तीन और और ट्रेविस हेड नंबर चार पर हैं। वहीं नंबर 7 की पोजीशन पर ओपनिंग बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा का नाम है।

आईसीसी टेस्ट गेंदबाज रैंकिंग में टीम इंडिया के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन नंबर-1 की पोजीशन पर बरकरार हैं। गेंदबाजी में रैंकिंग में दूसरे स्थान पर 826 रेटिंग अंकों के साथ ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस हैं। अश्विन के अलावा रैंकिंग में 8वें और 9वें स्थान पर जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा भी हैं।