क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की मुश्किलें कम होती दिखाई नहीं दे रही हैं। एक ओर आईपीएल में उनका बल्ला खामोश है वहीं सोशल मीडिया एनफ्लुएंसर सपना गिल के साथ हुए सेल्फी विवाद में भी उन पर शिकंजा कसता दिख रहा है। विवाद में बॉम्बे हाई कोर्ट ने पृथ्वी शॉ समेत 11 लोगों को नोटिस जारी किया है।
बॉम्बे हाईकोर्ट की खंडपीठ ने यह नोटिस सपना गिल की याचिका पर जारी किये हैं। सपना गिल ने उन पर की गई एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में पृथ्वी शॉ पर छेड़छाड़ और बल्ले से पीटने का आरोप लगाया गया था। उस याचिका के आधार पर हाईकोर्ट ने पृथ्वी शॉ और 11 लोगों को नोटिस जारी किया है।
गौरतलब है कि फरवरी में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ अपने कुछ दोस्तों के साथ मुंबई के एक होटल में खाना खाने गए थे, जिसके बाद वहां सेल्फी लेने की वजह से सोशल मीडिया एनफ्लुएंसर सपना गिल के साथ विवाद हो गया था। दोनों के बीच झड़प का वीडियो भी वायरल हुआ था।