पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट इस बार शेन वॉर्न की याद में खेला जाएगा।  टेस्ट मैच के शुरुआती 4 दिन फैंस के लिए फ्री हार्ट टेस्ट भी होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार, 12 दिसंबर को अपनी वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी है। बॉक्सिंग डे टेस्ट  26 से 30 दिसंबर तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। 

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर वॉर्न का मार्च 2022 में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उस समय वॉर्न की उम्र महज 52 साल थी। फ्री हार्ट टेस्ट के लिए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में और आस- पास 23 मेडिकल-ग्रेड हेल्थ स्टेशन बनाए गए हैं, जहां लोगों का एक चार मिनट का टेस्ट होगा। 

इस पहल का उद्देश्य हार्ट हेल्थ के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही बोर्ड ने फैंस से मेलबर्न मैच के दौरान फ्लॉपी हैट पहनकर वॉर्न को श्रद्धांजलि देने का आग्रह किया है। पिछले साल भी ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों ने राष्ट्रगान के दौरान फ्लॉपी हैट पहनकर वॉर्न को श्रद्धांजलि दी थी।