इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान केएल राहुल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। आईपीएल से बाहर होने के साथ ही राहुल के अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में भी खेलने पर संदेह दिख रहा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी राहुल की चोट को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि राहुल की चोट का स्कैन और कुछ टेस्ट कराने के बाद सामने आया कि उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ेगा। हम राहुल को इस कठिन समय में पूरा सहयोग करेंगे ताकि वह बेहतर रिकवरी कर सके। हमें उनकी कमी जरूर महसूस होगी। हम केएल को फिर से जल्द मैदान पर देखना चाहते हैं और हमें उम्मीद है कि वह ऐसा करने में कामयाब हो सकेंगे। https://twitter.com/LucknowIPL/status/1654423847985111048?s=20
राहुल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए थे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में वह नहीं खेले थे। राहुल की जगह पर उस मैच में कप्तानी का जिम्मा ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या ने संभाला था।
लखनऊ सुपर जायंट्स का यह सीजन अभी तक काफी शानदार रहा है। टीम ने इस सीजन अब तक 10 मैचों में 5 में जीत दर्ज की जबकि 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इस समय टीम 11 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है।