ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली है। रोहित ने लंच के बाद अपना शतक पूरा किया। यह रोहित शर्मा के टेस्ट करियर का नवां शतक है।
रोहित ने अपना शतक 171 गेंदों में पूरा किया और अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के लगाए। हालांकि जब रोहित का शतक पूरा हुआ उस समय तक आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
टीम इंडिया के स्टार प्लेयर विराट कोहली 12 और चेतेश्वर पुजारा केवल 7 रन ही बना सके। दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला झटका आर अश्विन के रूप में लगा। अश्विन 23 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के लिए टाॅड मर्फी ने चार और नाथन लियोन ने एक विकेट लिया।
वहीं पहले दिन ही भारतीय टीम ने मेहमानों पर मजबूत पकड़ बना ली थी। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को 177 रन पर समेटा था और फिर एक विकेट खोकर 77 रन बना लिए थे। कप्तान रोहित कल 56 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। मेहमानों का यह फैसला रविंद्र जडेजा और आर अश्विन की फिरकी के सामने गलत साबित हुआ था। कंगारू टीम किसी तरह 177 रन तक पहुंच पाई थी। मार्नस लाबुशेन ने 49 और स्टीव स्मिथ ने 37 रन बनाये थे।
भारत के लिए मोहम्मद सिराज और शमी ने शानदार शुरुआत की। दो रन के स्कोर पर कंगारू टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला और लंच तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। पहले सत्र में भारत को दो विकेट मिले और ऑस्ट्रेलिया ने 76 रन बनाए। दूसरे सत्र में जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को 49 रन के स्कोर पर आउट कर 82 रन की साझेदारी तोड़ी फिर मैट रेनशॉ को अगली ही गेंद में आउट कर दिया। कुछ समय बाद स्टीव स्मिथ भी 37 रन बनाकर जडेजा के शिकार बन गए। 109 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर आ गई और 177 रनों पर उनकी पारी सिमट गई। रविंद्र जडेजा ने पांच और आर अश्विन ने तीन विकेट हासिल किये।