दो दिन चला आईपीएल का फाइनल जब आधी रात के बाद समाप्त हुआ तो दर्शक इसके रोमांच से सराबोर थे। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग को जिस अंदाज में जीता वह भी धमाल रहा। बारिश के कारण काफी इंतजार के बाद आखिर इस सीजन का नतीजा रिजर्व - डे (29 मई) को रात डेढ बजे निकल सका। यह खिताबी मुकाबला काफी उतार- चढ़ाव भरा रहा।

इस रोमांचक फाइनल में चेन्नई ने गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच के बाद मैदान का नजारा बेहद शानदार था। खिलाड़ियों के बच्चे भी मैदान पर आ गये। सभी ने खूब धमाल किया। मगर इससे पहले धोनी पवैलियन में बेहद उदास नजर आ रहे थे क्योंकि वे पहली गेंद पर जीरों पर आउट हुये थे। उस वक्त टीम को उनकी जरूरत थी लिहाजा जब आखिरी गेंद डाली जा रही थी तब धोनी खामोशी से आंखे बंद किए बैठे थे, जैसे ही जड़ेजा ने विजयी चौका जड़ा तो वे टीम के साथ मैदान के भीतर दौडे और जडेजा को गोदी में उठा लिया। वहीं आखिरी बार मैदान में उतरे चैन्नई के अंबाती रायडू मैदान में आंसू लिये साथी खिलाड़ियों से गले लगते रहे।  

पहले खेलते हुये गुजरात ने 20 ओवर में 214 रन बनाए। इसके बाद इंद्रदेव जमकर बरसे, लेकिन वो भी क्रिकेट के जुनून के आगे हार गए। फिर डकवर्थ लुईस नियम के तहत 15 ओवर का मैच किया गया और चेन्नई की पारी कराई गई। चेन्नई को 171 रनों का टारगेट मिला। हालांकि बारिश और अन्य हालात के चलते धोनी के लिए जीतना उतना आसान नहीं रहा, जितना की टीम के फैन्स मान रहे थे। मुकाबले में कई बार ऐसा लगा जब गुजरात यह मैच जीत लेगी, मगर कुछ धोनी की चालाकी और फिर रवींद्र जडेजा का बेस्ट फिनिश काम आया। जिनके दम पर चेन्नई ने यह मैच और खिताब अपने नाम किया। 

दरअसल, मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टाइटन्स ने धमाकेदार शुरुआत की थी। ओपनिंग में शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा ने तूफानी बैटिंग की। इसी दौरान गिल को 2 अहम जीवनदान भी मिले थे। गिल के दोनों कैच दीपक चाहर ने छोड़े थे। जीवनदान मिलने के बाद गिल खतरनाक अंदाज में गेंदबाजों पर टूट पड़े थे। गिल ने 19 गेंदों पर 39 रन बना दिए थे। जबकि गुजरात टीम का स्कोर बगैर विकेट के 6.5 ओवर में 67 रन हो गया था। जडेजा के ओवर की छठी गेंद पर गिल थोड़ा आगे निकले पर शॉट से चूक गए। बस इसी दौरान धोनी ने अपनी तेजी दिखाई गिल तो स्टम्प आउट कर दोनों जीवनदान की भरपाई कर दी. गिल का यह विकेट चेन्नई के लिए बेहद कीमती रहा।