आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली 3 रन की हार के बाद दोहरा झटका लगा है। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की घुटने की चोट उभर आई है वहीं दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज सिसांडा मगाला चोटिल होने के कारण दो सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं।
टीम के कोच फ्लेमिंग ने बताया कि धोनी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। उन्हें थोड़ी परेशानी हो रही है। दूसरी ओर मगाला केवल दो ओवर कर ही मुकाबले से बाहर हो गए थे। कोच के मुताबिक़ न्होंने मगाला दो सप्ताह तक नहीं खेल पाएंगे।
चेन्नई के चोटिल खिलाड़ियों की संख्या टीम के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एड़ी के चोट के कारण मैच में नहीं खेल पाए जबकि भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आईपीएल 2023 से लगभग बाहर हो गए हैं।
कोच फ्लेमिंग ने कहा कि न्यूजीलैंड में कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए गए श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना अब ठीक हो गए हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। हम पहले ही चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे हैं। इसलिए मैं चाहता हूं इस संख्या में बढ़ोतरी रुके। फ्लेमिंग को हालांकि विश्वास है कि कप्तान धोनी अपनी चोट को संभाल लेंगे और टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।
बता दें कि संदीप शर्मा ने अंतिम ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर केवल तीन रन देकर राजस्थान को जीत दिलाई, जबकि उस समय धोनी और रविंद्र जडेजा क्रीज पर थे। धोनी का यह कप्तान के रूप में 200वां मैच था।