ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने टेस्ट के बाद वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। 37 वर्षीय वार्नर पाकिस्तान के खिलाफ तीन जनवरी को करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। इससे पहले, उन्होंने साल 2024 के पहले दिन सोमवार को वनडे क्रिकेट से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी। वार्नर ने कहा कि 19 नवंबर 2023 को आइसीसी वनडे विश्व कप का फाइनल उनका आखिरी एकदिवसीय मुकाबला था।

वार्नर ने कही दिल की बात : अपने करियर को लेकर कोई पछतावा नहीं
वार्नर ने कहा कि उन्हें अपने करियर को लेकर कोई पछतावा नहीं है। दरअसल, 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट मैच के दौरान बॉल टेम्परिंग में दोषी पाए जाने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने वार्नर के कप्तान बनने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस बारे में वार्नर ने कहा, मैं जानता था कि मुझसे इस बारे में सवाल पूछा जाएगा। लेकिन लीडरशिप का मतलब सिर्फ कप्तान का बैज पहनना नहीं होता। मैं उन सभी चीजों से बहुत आगे बढ़ गया हूं।