आईपीएल 2024 की नीलामी 19 दिसंबर को दुबई में होना है। इससे पहले, सभी दस फ्रेंचाइजी को अपनी सूची की घोषणा करने के लिए 26 नवंबर तक की समय सीमा दी गई है।  इसलिए सभी फ्रेंचाइजी अगले सीजन से पहले अपनी टीमों को अंतिम रूप दे रही हैं और अन्य फ्रेंचाइजी के साथ खिलाड़ियों की ट्रेडिंग कर रही हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने सरफराज खान और मनीष पांडे से अलग होने का फैसला किया है। घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद सरफराज आईपीएल में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में खेले 50 मैचों में 22.50 की औसत और 130.58 की स्ट्राइक रेट से 585 रन बनाए हैं और उनके नाम एक अर्धशतक भी है।

वहीं, मनीष पांडे ने बीते सीजन दस मैचों में 17.78 की औसत से 160 रन बनाए।वे आईपीएल में शतक बनाने वाले पहले भारतीय थे और उन्होंने IPL के 170 मैचों में 29.07 की औसत से एक शतक और 22 अर्द्धशतक के साथ 3808 रन बनाए हैं।

ऋषभ पंत की  होगी वापसी

इस बीच, दिल्ली कैपिटल्स को अगले सीजन में अपने कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी से मजबूती मिलेगी। डीसी के क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली ने आगामी सीज़न के लिए पंत की उपलब्धता की पुष्टि की है।

26 वर्षीय खिलाड़ी हाल ही में कोलकाता में दिल्ली कैपिटल्स के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए, लेकिन आगामी सीज़न की शुरुआती तैयारियों के दौरान उन्होंने अपने साथियों के साथ प्रशिक्षण नहीं लिया। 30 दिसंबर, 2022 को एक भयानक कार दुर्घटना में घायल होने के बाद पंत मैदान से बाहर हैं।