मुंबई इंडियंस भले ही आईपीएल 2023 के क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई हो, लेकिन टीम के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपनी तूफानी पारी से क्रिकेटप्रेमियों का दिल जीत लिया. सूर्यकुमार ने 38 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रनों की शानदार पारी खेली. इसी पारी के साथ उन्होंने आईपीएल 2023 में 600 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। सूर्य इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की दौड़ में फिलहाल छठे स्थान पर हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
आईपीएल के 16वें सीजन में सूर्य ने 16 मैचों में 43.21 की औसत और 181.14 की शानदार स्ट्राइक रेट से 605 रन बनाए। इसी के साथ सूर्या मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। मुंबई के लिए अब तक सिर्फ दो बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने एक सीजन में 600 रन का आंकड़ा पार किया है। सूर्य से पहले सचिन तेंदुलकर ने 2010 में यह कारनामा किया था।
IPL 2023: मुंबई को हरा फाइनल में पहुंचा गुजरात, मोहित शर्मा के 5 विकेट, रविवार को चेन्नई से होगा मुकाबला
सूर्य ने यह कारनामा क्रिस गेल के बाद किया
सूर्या आईपीएल इतिहास में 180 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 600 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। पिछले 15 सीजन में कोई भी भारतीय बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सका। सूर्या आईपीएल में ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराने वाले पहले खिलाड़ी क्रिस गेल थे जिन्होंने 2011 में यह कारनामा किया था।
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाने वाले बल्लेबाज
क्रिस गेल - 183.13 (2011)
सूर्यकुमार यादव - 181.13 (2023)
ऋषभ पंत - 173.6 (2018)
एबी डिविलियर्स - 168.61 (2016)
यशस्वी जायसवाल - 163.61 (2023)
क्रिस गेल - 160.74 (2012)
मैच में शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ शतक
शुभमन गिल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 129 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके साथ ही शुभम ने कई रिकॉर्ड भी बनाए और तोड़े। गिल एक आईपीएल प्लेऑफ़ मैच में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोरर बने। इसी के साथ गिल आईपीएल में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा गिल किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा 111 चौके लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल ने अपनी पारी के दौरान 10 छक्के भी लगाए। वह आईपीएल प्लेऑफ मैचों में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बने।