वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अजेय रहते हुए फाइनल में एंट्री कर गई। सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बल्लेबाज़ी के साथ मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी सुर्खियों में है।

यहाँ तक कि सेमीफाइनल को शमीफाइनल तक कहा जा रहा है। एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के हाथों फिसल रहा है उस समय शमी ने जिस तरह से मैच में टीम इंडिया की वापसी करवाई, उसने दुनिया भर में क्रिकेट लवर्स का दिल जीत लिया है। मोहम्मद शमी ने इस मैच में 7 विकेट लेकर  न्यूजीलैंड के अरमानों पर पानी फेर दिया।

वहीं, मोहम्मद शमी की गेंदबाजी को लेकर दिल्ली और मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर काफी मजेदार ट्वीट्स किए हैं। आइए देखते हैं दोनों ने क्या ट्वीट किए हैं।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर मोहम्मद शमी को लेकर मुंबई पुलिस को टैग करते हुए लिखा, 'मुंबई पुलिस हमें उम्मीद है कि आप लोग मोहम्मद शमी के जरिए आज किए गए हमले को लेकर उन्हें गिरफ्तार नहीं करेंगे।'

मुंबई पुलिस ने भी इसका दिलचस्प जवाब दिया। मुंबई पुलिस ने लिखा- दिल्ली पुलिस आप अनगिनत लोगों के दिलों को चुराने के लिए धाराएं लगाना भूल गए हैं और साथ ही आपने सह-आरोपियों की लिस्ट भी नहीं दी है।

गौरतलब है कि टीम इंडिया ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 397 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। विराट कोहली ने वन डे करियर का अपना 50वां शतक लगाया और श्रेयस अय्यर ने भी 70 गेंदों में 105 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके बाद शमी ने सात किवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर भारत को जीत दिलाई।