इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल आथर्टन ने अगले चार साल (2024 2027 ) के लिए आईसीसी के लाभ साझा करने के प्रस्तावित मॉडल की आलोचना की है जहां भारत को सालाना 60 करोड़ डॉलर के राजस्व का 38.50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। आईसीसी की वित्तीय और वाणिज्यिक मामलों (एफ एंड सीए) समिति द्वारा प्रस्तावित मॉडल को जून में वार्षिक सम्मेलन के दौरान पारित किया जाता है तो बीसीसीआई को सालाना 23 करोड़ 10 लाख डॉलर मिलेंगे। जबकि इंग्लैंड 6.89 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरा सर्वाधिक राजस्व पाने वाला देश होगा।
आथर्टन ने अपने कॉलम में लिखा कि ‘प्रस्तावित वितरण मॉडल पर जून में अगली आईसीसी बैठक में चर्चा की जाएगी लेकिन हर देश को अभी की तुलना में बड़ी राशि (धनराशि के लिहाज से) मिल रही है इसलिए प्रस्तावों को चुनौती देने की इच्छा कम हो सकती है। पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि जैसा कि आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अहसान मनि ने कहा था- पैसा वहां जा रहा है जहां इसकी सबसे कम जरूरत है।