अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच आज रात 12:30 बजे से होने वाले फीफा वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के साथ दो दिग्गज खिलाड़ियों लियोनल मेसी और लुका मोद्रिच में से किसी एक का वर्ल्ड कप जीतने का सपना संभवतः हमेशा के लिए टूट जाएगा।
फुटबॉल के सबसे बड़े सुपरस्टार में शामिल ब्राजील के नेमार और फिर पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो कतर में चल रहे वल्ड कप से आंसुओं के साथ विदाई ले चुके हैं, और अब मेसी या मोद्रिच में से किसी एक का सपना टूटने वाला है। क्रोएशिया के लिए इस वल्ड कप में 4 पेनल्टी किक रोक चुके गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच भी अहम होंगे। टूर्नामेंट के इतिहास में किसी गोलकीपर द्वार रोके गए ये संयुक्त सर्वाधिक पेनल्टी किक हैं।
किसका पलड़ा भारी ?
हालात मेसी के साथ है, जिन्होंने अर्जेंटीना को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। वह टीम की अगुआई उसी तरह कर रहे हैं जिस तरह डिएगो माराडोना ने 1986 में अर्जेंटीना के दूसरे और आखिरी वर्ल्ड कप खिताब के दौरान की थी। अर्जेंटीना और फाइनल के बीच अब क्रोएशिया की दीवार खड़ी है।
मात्र 40 लाख की जनसंख्या वाले इस देश ने फुटबॉल की सबसे बड़ी टीम में से एक के रूप में प्रतिष्टा बनाई है और उसके पास खेल के सबसे शालीन खिलाड़ियों में से एक मोद्रिच है। मेसी 35 जबकि मोद्रिच 37 साल के हैं और ऐसा समझा जा रहा है कि दोनों के लिए यह वर्ल्ड कप जीतने का आखिरी मौका होगा।