भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच ड्रॉ रहा। इसी के साथ भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-1 से अपने नाम कर ली है। इसी के साथ भारतीय टीम ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-1 से अपने नाम कर ली है। टीम इंडिया ने लगातार तीसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।
अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में पूरे 5 दिन में सिर्फ 22 विकेट गिरे। ऐसे में 5वें दिन का खेल खत्म होने के एक घंटे पहले मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए थे और लगभग दो दिन तक बल्लेबाजी की थी। इसके बाद भारतीय टीम ने भी लगभग दो दिन तक बल्लेबाजी की और 571 रन बनाए थे।
दोनों टीमों की पहली पारी के बाद ही मैच ड्रॉ होना लगभग तय हो गया था। पांचवें और आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर दूसरी पारी में 175 रन बनाए। इसके बाद दोनों कप्तानों और मैच अधिकारियों ने यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म करने का फैसला किया। ऐसे में यह मुकाबला तय समय से लगभग डेढ़ घंटे पहले ही खत्म हो गया।
यह मैच ड्रॉ होने के साथ ही भारत ने चार मैच की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर टीम इंडिया का कब्जा बरकरार है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 2021-23 के चक्र में यह भारत की आखिरी सीरीज थी। इसमें जीत के साथ ही टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही फाइनल में पहुंच गई थी। अब ये दोनों टीमें 7-11 जून के बीच इंग्लैंड में फाइनल मुकाबला खेलेंगी।