मैदान में बैठे दर्शकों को मिडिल फिंगर दिखाने पर पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा- क्राउड में पाकिस्तान के कुछ फैंस हिंदुस्तान विरोधी नारे लगा रहे थे, इसीलिए मैंने वैसा (मिडिल फिंगर दिखाना) रिएक्ट किया। अगर कोई पर्सनली भी गालियां देगा तो मैं हंस के थोड़ी न चला जाऊंगा। दरअसल, सोशल मीडिया पर गंभीर का एक वीडियो सामने आया। इसमें वे एशिया कप मैच देख रहे दर्शकों को मिडिल फिंगर दिखाते नजर आए। इस पर गंभीर ने एक इंटरव्यू में कहा- जरूरी नहीं कि सोशल मीडिया पर जो भी दिखाया जाता है वह सच ही हो। गौतम गंभीर ने बताया- क्राउड में पाकिस्तान को स्पोर्ट कर रहे 2-3 लोग बैठे हुए थे, वे भारत विरोधी नारे लगा रहे थे।
पाकिस्तानी फैंस कश्मीर पर भी कमेंट कर रहे थे। एक भारतीय के रूप में मैं अपने देश के खिलाफ ये सब नहीं सुन सकता। गौतम गंभीर ने बताया, कोई देश के खिलाफ कुछ कहेगा तो मैं ऐसे ही रिएक्ट करूंगा। गंभीर ने आगे कहा- सच्चाई ये है कि आप एंटी इंडिया नारे लगाएंगे या ये कहेंगे कि हिंदुस्तान मुर्दाबाद या फिर कश्मीर के बारे में कहेंगे तो बंदा किसी तरह से तो रिएक्ट करेगा। अगर आप देश के बारे में कुछ उलटा बोलेंगे या पर्सनली भी गालियां देंगे तो मैं हंस के चले जाने वाले लोगों में से तो नहीं ही हूं।
यह था वीडियो में
गौतम गंभीर फिलहाल एशिया कप में ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर्स की ओर से कॉमेंट्री टीम का हिस्सा है। कॉमेंट्री के बाद मैदान से बाहर निकलते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस वीडियो में वह मोबाइल पर बात करते-करते दर्शकों को मिडिल फिंगर दिखाते नजर आए। मिडिल फिंगर आमतौर पर किसी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल की जाती है। इस वीडियो में 'कोहली- कोहली' का भी शोर सुनाई दे रहा है। लेकिन गंभीर ने कहा कि सोशल मीडिया पर हर बात सच नहीं होती।