आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ बतौर मेंटर जुड़े गौतम गंभीर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। गौतम गंभीर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स का साथ छोड़ दिया है। अब वे  कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़ेंगे।

गौतम गंभीर ने खुद सोशल मीडिया पर ये अपडेट दिया। गौतम गंभीर के लखनऊ सुपर जाएंट्स का साथ छोड़ने की अटकलें लम्बे समय से चल रही थीं। गंभीर के इस अपडेट के बाद सभी अटकलों पर भी विराम लग गया।  

उन्होंने X पर लिखा कि- मैं लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ अपनी यात्रा की समाप्ति की घोषणा करता हूं। मैं सभी खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ और इस यात्रा को यादगार बनाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति प्यार और अपार कृतज्ञता से भरा हूं। मैं इस फ्रेंचाइजी के निर्माण में उनके प्रेरक नेतृत्व और मेरे सभी प्रयासों में उनके जबरदस्त समर्थन के लिए डॉ. संजीव गोयनका को धन्यवाद देना चाहता हूं।

गंभीर ने आगे लिखा कि मुझे यकीन है कि टीम भविष्य में चमत्कार करेगी और प्रत्येक एलएसजी प्रशंसक को गौरवान्वित करेगी। सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएँ एलएसजी ब्रिगेड।

साथ ही गौतम गंभीर ने KKR में वापसी का भी ऐलान कर दिया है। गौतम पहले भी KKR के साथ जुड़े हुए थे।

गौतम गंभीर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के सांसद भी हैं। ऐसा माना जा रहा था कि आगामी लोकसभा चुनाव में गौतम गंभीर को पार्टी की तरफ से बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। इस कारण पूर्व भारतीय क्रिकेटर आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ बतौर मेंटर नहीं जुड़ पाएंगे।

वहीं यह भी कहा जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग के 2024 सीज़न के लिए लखनऊ सुपर जाइंट्स एक बार फिर टीम का पुनर्गठन कर रही है। एंडी फ्लावर की जगह जस्टिन लैंगर को मुख्य कोच नियुक्त किया गया है और गौतम गंभीर की भूमिका पर भी संकट था। इसलिए गंभीर ने पहले ही खुद को अलग कर लिया।