भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी खेली जा रही है। सीरीज का तीसरा मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के बीच टीम इंडिया के लिए एक अच्छी खबर आई है। 

दरअसल भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन बुधवार को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को पछाड़कर नवीनतम आईसीसी पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंच गए। दिल्ली में दूसरे टेस्ट में छह विकेट चटकाने वाले अश्विन को दो स्थान का फायदा हुआ है जिससे वे अब टॉप पर आ गए हैं।  

वहीं वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की हार के बाद एंडरसन दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अश्विन टेस्ट गेंदबाजों के बीच पहली बार 2015 में शीर्ष पर पहुंचे थे। इसके बाद वह कई बार शीर्ष पर जगह बना चुके हैं। 

इधर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट चटकाने वाले जडेजा भी गेंदबाजी रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।  जडेजा और अश्विन टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में पहले दो स्थान पर हैं। वेलिंगटन में फॉर्म में वापसी करते हुए रूट ट्रेविस हैड और बाबर आजम को पछाड़कर आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।