इंडियन प्रीमियर लीग सीजन में एक ऐसा रिकॉर्ड बनने जा रहा है, जो अब तक के इतिहास में नहीं बना है | महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। उसने क्वालिफायर-1 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स को हराया था।
दरअसल, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने के चलते गुजरात को एक और मौका मिला है। वह आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेलेगी. यहां जो टीम जीतेगी, वह फाइनल में चेन्नई के साथ भिड़ेगी. यदि गुजरात टीम फाइनल में पहुंचती है, तो आईपीएल दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला शाम को इतिहास का एक तूफानी रिकॉर्ड कायम हो जाएगा. यह रिकॉर्ड ओपनिंग मैच और फाइनल से जुड़ा है. दरअसल, आईपीएल के इतिहास में अब तक ओपनिंग मैच खेलने वाली दोनों टीमें उसी सीजन के फाइनल में नहीं पहुंची हैं. यदि क्वालिफायर-2 में मुंबई को हराकर गुजरात फाइनल में पहुंचती है, तो इस बार यह रिकॉर्ड बन जाएगा।
मौजूदा सीजन का ओपनिंग मैच चेन्नई और गुजरात के बीच ही 31 मार्च को अहमदाबाद में खेला गया था. तब गुजरात ने वो मुकाबला 5 विकेट से जीता था. अब यदि दोनों टीमें फाइनल में भिड़ती हैं, तो चेन्नई टीम उस हार का बदला लेने के साथ ही 5वीं बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
वहीं आईपीएल क्वालिफायर-2 में आज गत चैम्पियन गुजरात टाइटन्स का सामना पांच बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस से है। हार्दिक पंड्या की अगुवाई में गुजरात टाइटन्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ क्वालिफायर-1 में 15 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर रोहित ब्रिगेड ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 81 रनों से धमाकेदार जीत हासिल की थी. दोनों टीमों के बीच यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
लखनऊ के खिलाफ मुंबई इंडियंस की बड़ी जीत गुजरात के लिए खतरे की घंटी है। मुंबई का इस सीजन में प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है, लेकिन अब लगता है कि उसकी टीम सही समय पर अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आई है। कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव और टिम डेविड ने अभी तक चुनौतियों का अच्छी तरह से सामना किया है। उनके अलावा युवा बल्लेबाज नेहल वढेरा भी अपना प्रभाव छोड़ रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी भी अपनी भूमिका निभा रही है। इससे रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम अपने छठे खिताब की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रही है।