भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या और नताशा स्टेनकोविक एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी की रस्मों की शुरुआत आज से उदयपुर में हो गई हैं। जो अगले दो दिनों तक चलेंगी। शादी 14 तारीख यानी वैलेंटाइन डे को होगी। इससे पहले दोनों ने 31 मई 2020 को कोर्ट मैरिज की थी। हालांकि इस बार वे पारंपरिक रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी करेंगे। होटल में रैफल्स का आयोजन होगा। बता दें कि कपल का एक दो साल का बेटा अगस्त्य भी है।
हार्दिक पांड्या और नताशा स्टेनकोविक आज शादी के लिए उदयपुर पहुंच गए हैं। उनके साथ परिवार के सदस्य और भारतीय क्रिकेटर इशान किशन भी मौजूद हैं। शादी की रस्में आज शाम से शुरू हो जाएंगी, जो 15 फरवरी तक चलेंगी। जिसमें हल्दी, मेहंदी व संगीत सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
सर्बियाई एक्ट्रेस नताशा स्टेनकोविक नच बलिए सीजन 9 में अपने एक्स बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ नजर आई थीं। हार्दिक और नताशा की मुलाकात एक नाइट क्लब में हुई थी। यहीं से दोनों के बीच प्रेम कहानी शुरू हुई।
हार्दिक ने 1 जनवरी 2020 को नताशा से सगाई की थी। इसकी जानकारी भी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। इसके बाद 31 मई 2020 को नताशा और हार्दिक ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे माता-पिता बनने वाले हैं। 30 जुलाई को एक फोटो शेयर करते हुए हार्दिक ने खुलासा किया था कि उनका एक बेटा है। फिर उन्होंने लिखा- हमें एक बेटा हुआ है। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। इसमें परिवार के लोग ही शामिल हुए थे।
हार्दिक ने एक इंटरव्यू में कहा, 'मेरी सगाई के बारे में मेरे माता-पिता को भी नहीं पता था। भाई कुणाल को भी दो दिन पहले इसकी सूचना दी गई थी। सब कुछ होते हुए भी परिवार ने मेरा साथ दिया।' सगाई के बाद हार्दिक ने अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा था- मैं तेरा, तू मेरी जाने, सारा हिंदुस्तान।