विश्व कप 2023 के 21वें मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है लेकिन इस मुकाबले के साथ ही BCCI-टीम मैनेजमेंट की प्लानिंग की पोल भी खुल गई है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ चोटिल हार्दिक पांड्या टीम से बाहर रहे। बड़ी बात यह है कि हार्दिक के विकल्प के रूप में टीम इंडिया के पास कोई दूसरा आलराउंडर ही नहीं था। टीम मैनेजमेंट इस कश्मकश में दिखा कि एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज को खिलाया जाये या फिर तेज गेंदबाज को।
आखिरकार टीम ने सूर्यकुमार यादव पर दांव लगाया लेकिन इस निर्णय के बाद टीम इंडिया को केवल पांच गेंदबाज़ों के साथ ही मैदान में उतरना पड़ा। अच्छी बात यह रही कि मोहमद शमी ने कमाल की गेंदबाज़ी कर इस कमी पर पर्दा दाल दिया। लेकिन अगर छठवे गेंदबाज़ की जरुरत पड़ती तो टीम इंडिया की विकल्पहीनता भारी पड़ सकती थी।
वर्ल्ड कप 2023 के अपने शुरुआती चारों मैच में टीम इंडिया 6 गेंदबाजों के साथ उतरी थी लेकिन पंड्या की चोट ने कप्तान रोहित शर्मा से लेकर कोच राहुल द्रविड़ को परेशानी में डाल दिया है। पांड्या बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए थे।
वहीं धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था । न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए। भारत ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।