पाकिस्तान सुपर लीग 2023 के 26 वें मुकाबले में लाहौर कलंदर्स के सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने ताबड़तोड़ शतक जड़ा। इससे पहले 25वें मुकाबले में बाबर आजम और जेसन रॉय के बल्ले से शतक निकला था। पिंडी क्लब ग्राउंड पर लाहौर की टक्कर इस्लामाबाद यूनाइटेड से थी। फखर जमान को पहले दो के स्कोर पर आसिफ अली और फिर 71 के स्कोर पर हसन अली ने जीवनदान दिया। इसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने करियर की सबसे बड़ी पारी खेल दी।
सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने 57 गेंदों पर 115 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में 32 साल के इस बल्लेबाज ने 8 चौके और इतनी ही छक्के मारे। उन्हें पहली जीवनदार दूसरे ही ओवर में हसन अली की गेंद पर मिला। तीसरे ओवर में फजलहक फरूकी के खिलाफ तीन चौके मारकर फखर ने अपने इरादे साफ कर दिये।
फखर का यह पाकिस्तान सुपर लीग में दूसरा और टी20 करियर में तीसरा शतक है। पीएसएल पिछले सीजन में उन्होंने कराची किंग्स के खिलाफ 106 रनों की पारी खेली थी। कामरान और बिलिंग्स ने भी फखर जमान का अच्छा साथ निभाया। दूसरे विकेट के लिए गुलाम और फखर के बीच 122 रनों की साझेदारी हुई। 30 गेंदों पर गुलाम ने 41 रनों की पारी खेली।