टीम इंडिया के स्टार प्लेयर ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह हुए एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हैं। ऋषभ पंत को देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है जहाँ से उन्हें दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं बीसीसीआई ने स्टेटमेंट जारी कर ऋषभ पंत को लेकर ताजा अपडेट दिया है।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हेंडल पर जो मीडिया स्टेटमेंट जारी किया है उसके मुताबिक़- ऋषभ के माथे पर दो कट लगे हैं। उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है। उनकी पीठ पर रगड़ने की चोट लगी है। ऋषभ की हालत स्थिर बनी हुई है।
बीसीसीआई ने यह भी बताया कि अब ऋषभ पंत को अब देहरादून के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां उनका एमआरआई स्कैन किया जाएगा। बोर्ड ने बताया कि बीसीसीआई ऋषभ के परिवार और ऋषभ का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लगातार संपर्क में है। बोर्ड इसका ध्यान रखेगा कि ऋषभ को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल मिले। बीसीसीआई ने हर संभव सहायता की बात भी कही है।
गौरतलब है कि क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का शुक्रवार सुबह एक्सीडेंट हो गया था जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ऋषभ पंत की कार डिवाइडर से टकरा गई थी जिसके बाद उसमें आग लग गई। पंत कार का गेट तोड़कर जैसे तैसे बाहर आ पाए थे। एक्सीडेंट रुड़की के पास का गुरुकुल नारसन में हुआ था उन्हें इलाज के लिए तुरंत पास के ही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।