आईपीएल 2023 का 28वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच बीते गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। पांच मैच लगातार हारने के बाद आखिरकार दिल्ली ने इस मैच में सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज कर ही ली। हालांकि 2 अंक पाने के लिए केकेआर के खिलाफ कैपिटल्स को काफी मेहनत करनी पड़ी। यह एक लो स्कोरिंग दिलचस्प मुकाबला रहा, जिसको डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने अंतिम ओवर में चार विकेट से अपने नाम कर लिया।
वहीं डीसी के लिए इस मैच में हीरो अनुभवी तेज बाद ईशांत शर्मा रहे, जिन्होंने आईपीएल में दो साल बाद वापसी की। दो साल बाद आईपीएल और दिल्ली कैपिटल्स के लिए वापसी कर रहे ईशांत शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपनी खूंखार गेंदबाजी से तहलका मचा दिया। वह लगातार 140 की गति से गेंदबाजी करते हुए नजर आए।
शर्मा जी ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 18 रन देकर नीतीश राणा और सुनील नरेन के रूप में दो अहम विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन ने सबका दिल जीत लिया। ऐसे में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया, जिसके बाद उन्होंने बड़ा बयान भी दिया है। गजब गेंदबाजी करने के बाद ईशांत शर्मा ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद कहा, बस मैं अपने मौके का इंतजार कर रहा था। मैं मौका मिलने पर अपनी टीम के लिए मैच जीतना चाहता था।