दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। हार के बाद टीम इंडिया को ICC ने दोहरा झटका दिया है। इससे वर्ल्ड टेस्ट चेम्पियनशिप (WTC) की उम्मीदों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

दरअसल सेंचुरियन टेस्ट के दौरान आवश्यक ओवर-रेट को बनाए रखने में टीम इंडिया विफल रही। इसके बाद आईसीसी ने धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना लगाया और साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में दो अंक भी काट लिए।

इसके साथ ही टीम इंडिया WTC अंक तालिका में छठे स्थान पर खिसक गई है। अब वह पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी पीछे है। आईसीसी ने जुर्माने के तौर पर भारतीय टीम पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना भी लगाया गया है।

टेस्ट में हार के बाद भारत 16 अंक और 44.44 अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर था। अंकों की कटौती के कारण टीम इंडिया अब छठे स्थान पर आ गई। उसके खाते में 14 अंक और 38.89 अंक प्रतिशत हैं। दक्षिण अफ्रीका पहले, पाकिस्तान दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे, बांग्लादेश चौथे और ऑस्ट्रेलिया पांचवें स्थान पर है। भारत से नीचे वेस्टइंडीज सातवें, इंग्लैंड आठवें और श्रीलंका नौवें स्थान पर है।

अगर मुकाबले की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 408 रन बनाए। अफ्रीकी टीम ने पहली पारी में 163 रन की बढ़त मिली थी। भारत दूसरी पारी में 131 रन पर ऑलआउट हो गया था। दक्षिण अफ्रीका ने मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।