इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने दिसंबर 2023 से अप्रैल 2024 के बीच फुल टाइम मेंबर्स टीमों के वनडे और टी- 20 मैचों में स्टॉप क्लॉक रूल लागू किया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल की गति तेज करने के प्रयास में यह नियम लाया गया है। अब इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर खत्म होने के बाद अगला शुरू करने के लिए 60 सेकेंड (एक मिनट) का टाइम ही मिलेगा। ट्रायल की शुरुआत 13 दिसंबर को बारबाडोस में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच पहले टी20 मैच से होगी।
13 दिसंबर से शुरू होगी टी-20 सीरीज
वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया। अब दोनों टीमों के बीच 5 टी-20 की सीरीज 13 दिसंबर से शुरू होगी। सीरीज के मुकाबले 13, 14, 16, 20 व 22 दिसंबर को खेले जाएंगे। इंग्लैंड की कप्तानी जोस बटलर और वेस्टइंडीज की रोवमन पॉवेल करेंगे।
ओवर के बीच 60 सेकेंड का टाइम, देरी की तो 5 रन की पेनल्टी
अगर बॉलिंग टीम 60 सेकंड के अंदर बॉलर चेंज नहीं कर सकी तो उन्हें 2 वॉर्निंग मिलेगी। तीसरी बार ऐसा करने पर बैटिंग टीम के स्कोर में 5 रन जुड़ जाएंगे मैच में हर तीसरी बार ऐसा होने पर बॉलिंग टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगेगी। इसे उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी टी-20 में 6 बार 60 सेकेंड के अंदर अगला शुरू नहीं किया तो इस कंडीशन में टीम इंडिया पर 2 बार पेनल्टी लगेगी और ऑस्ट्रेलिया के स्कोर में 10 रन जुड़ जाएंगे। एक पेनल्टी के 5 रन जुड़ने वाले हैं, ऐसे में 2 पेनल्टी के 10 रन जुड़ेंगे और ऐसा ही हर बार होगा।
टाइम मॉनिटर अंपायर घड़ी का इस्तेमाल करेंगे
आईसीसी ने बताया कि टाइम मॉनिटर करने के लिए ओवर्स के बीच घड़ी का इस्तेमाल किया जाएगा। अप्रैल के बाद फैसला लिया जाएगा कि इस नियम को परमानेंट किया जाए या नहीं।
2022 में लाया गया था स्लो ओवर फील्डिंग रिस्ट्रिक्शन रूल
आईसीसी जनरल मैनेजर वसीम खान ने कहा हम इंटरनेशनल क्रिकेट में गेम फास्ट करने के तरीकों पर लगातार विचार कर रहे हैं। वाइट बॉल इंटरनेशनल क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक ट्रायल 2022 के फील्डिंग रिस्ट्रिक्शन रूल लाने के बाद हुआ। टी-20 क्रिकेट में ओवर में देरी होने से 5 की जगह 4 फील्डर को ही 30 यार्ड सर्कल के बाहर फील्ड करने की अनुमति मिलती है।