भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टी-20 मैच रविवार (26 नवंबर) को खेला जाएगा। यह मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज़ का पहला मुकाबला जीत चुकी टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले में पिच बड़ी चुनौती पेश कर सकती है।
टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज़ का पहला मुकाबला 2 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरा टी-20 मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाना है जहाँ पिच गेंदबाजों के लिए मददगार है। यहां बड़े स्कोर बनाना आसान नहीं रहा है।
अब तक यहाँ खेले गए चार अंतरराष्ट्रीय मैच कम स्कोर वाले रहे हैं। पिछले तीन टी-20 में औसत स्कोर 114 है। यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने दो बार जीत दर्ज की है। दूसरी पारी में ड्यू के चलते बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है।
गौरतलब है कि पहले मुकाबले में जोश इंग्लिस की 50 गेंद में 110 रन की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 208 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने ईशान किशन, कैप्टन सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह की पारियों की बदौलत 2 विकेट से जीत हासिल कर ली थी।