आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का धमाकेदार फॉर्म जारी है। रविवार को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट शतक से भले ही चूक गए हों लेकिन अपनी मैच जिताऊ पारी से विराट ने सभी का दिल जीत लिया।
विराट कोहली ने 104 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 95 रन बनाए और टीम इंडिया की विश्व कप में पांचवी जीत को तय कर दिया। मैच के बाद कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर उनके प्रदर्शन की सराहना की।
अनुष्का ने आईसीसी द्वारा जारी एक वीडियो शेयर किया है। साथ ही लिखा- हमेशा आप पर गर्व है। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कोहली को 'तूफानी पीछा करने वाला' (storm chaser) कहा।
अगर मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया ने अब तक अजेय चल रही न्यूजीलैंड की टीम को 273 रनों पर समेट दिया। इसके बाद टारगेट को विराट कोहली के 95 रनों की मदद से हासिल कर लिया गया। टीम इंडिया इस जीत के साथ अंक तालिका में टॉप पर पहुँच गई है और सेमीफाइनल की और कदम बढ़ा दिया है।