भारत ने वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 200 रनों से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने वनडे सीरीज भी जीत ली। टीम ने कैरेबियंस को 2- 1 से हराया। भारत ने वेस्टइंडीज से लगातार 14वीं सीरीज जीती है। भारत ने टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। यह कैरेबियाई सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है।
इससे पहले, टीम इंडिया 2022 में वेस्टइंडीज को उसी के घर में 119 रन से हराया था। वनडे सीरीज जीतने के साथ टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप मिशन का बिगुल फूंक दिया है। निर्णायक मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया। पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 351 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 35.3 ओवर में 151 रन पर ऑलआउट हो गई। शुभमन गिल मैन ऑफ द मैच और ईशान किशन प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।
वेस्टइंडीज से बेहतर दिखी टीम इंडिया
तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में वेस्टइंडीज से बेहतर दिखी। पिछले दो मुकाबलों में फ्लॉप रहे टीम के मिडिल ऑर्डर ने भी बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभाई। पिछले 2 मैचों की तरह भारतीय ओपनर्स ने एक बार फिर टीम को मजबूत शुरूआत दी। गिल- किशन की जोड़ी ने 143 रनों की साझेदारी की। जिसकी बदौलत मिडिल ऑर्डर और ऑलराउंडर्स ने 350 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। गिल 85, किशन ने 77, पंड्या ने 70 और सैमसन ने 51 रन का योगदान दिया। भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में जहां बैटर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।