चीन के हांगझू में खेले जा रहे एशियन गेम्स में भारत ने इतिहास रच दिया है। गेम्स के 11वें दिन दो पदक जीतकर, भारत ने एशियाई खेलों के एक संस्करण में सर्वाधिक पदक जीतने का नया रिकॉर्ड बनाया। 2023 एशियन गेम्स में भारत के अब 71 पदक हो गए हैं।

यह एशियन गेम्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारत ने एशियन गेम्स के एक संस्करण में 70 पदक जीते थे। भारत ने यह रिकॉर्ड जकार्ता में आयोजित 2018 एशियन गेम्स में बनाया था। तब भारत ने 16 स्वर्ण, 13 रजत और 31 कांस्य पदक जीते थे।

भारत ने 2023 एशियन गेम्स में अब तक 16 स्वर्ण, 26 रजत और 29 कांस्य पदक जीते हैं। 11वें दिन तीरंदाजी के कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में ओजस देवताले और ज्योति वेन्नम ने गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स के इस संस्करण में सर्वाधिक पदक जीतने का नया रिकॉर्ड बना लिया।

वहीं मंजू रानी और राम बाबू की जोड़ी ने बुधवार को भारत को पहला पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने 35 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में देश के लिए कांस्य पदक जीता। 2023 एशियन गेम्स में यह भारत का 70वां पदक था। भारत अब इतिहास रचने से बस एक कदम दूर था। इसके बाद ओजस देवताले और ज्योति वेन्नम ने तीरंदाजी में कमाल किया। इस जोड़ी ने गोल्ड जीता।

2023 एशियाई खेलों के 11वें दिन भारत के नाम अब तक 16 स्वर्ण, 26 रजत और 29 कांस्य पदक हो गए हैं। भारत इन एशियाई खेलों में पदकों का शतक लगाकर इतिहास रच सकता है। बुधवार को भारत के 10 से भी ज्यादा पदक जीतने की उम्मीद है।