न्यूजीलैंड ने पहले वन डे में भारत को  7 विकेट से हरा दिया है। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए रखा 307 रन का बड़ा टारगेट रखा लेकिन टीम इंडिया के गेंदबाज़ इस टारगेट का बचाव नहीं कर पाए। न्यूजीलैंड के लिए टॉम लाथम ने नाबाद 145 और कप्तान केन विलियम्सन ने 94 रनों की नाबाद पारी खेली। 

इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 306 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने टारगेट  47.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एक समय कीवी टीम के 3 विकेट 88 रन पर गिर गए थे लेकिन इसके बाद कप्तान केन विलियम्सन (94) और टॉम लैथम ने चौथे विकेट के लिए 145 रन की पार्टनरशिप कर पासा पलट दिया ।

टीम इंडिया की हार की बड़ी वजह गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा। पहला मुकाबला खेल रहे उमरान मलिक ने दो सफलताएं हासिल की लेकिन अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुन्दर और यजुवेंद्र चहल भारत को विकेट नहीं दिला पाए जिसका खामियाजा हार के रूप में भुगतना पड़ा। 

वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (72) और शुभमन गिल (50) ने 124 रन की शुरुआती साझेदारी से मेहमान टीम की लय तय की। भारत के लिए श्रेयस अय्यर (80), शिखर धवन (72) और शुभमन गिल (50) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

भारतीय पारी के 33वें ओवर में, लॉकी फर्ग्यूसन ने चार गेंदों के अंदर दो विकेट लेकर अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत को ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट और वाइड गेंद फेंकी, जिन्हें अंडरएज मिला और इसके बाद स्टंप टूट गए।

वहीं न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और फर्ग्यूसन ने 3-3 विकेट लिए। आपको बता दें कि भारतीय टीम यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ही 9 मैच खेल चुकी है, जिसमें भारत को सिर्फ तीन में जीत मिली है। जबकि 5 में हार का सामना करना पड़ा है।