पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट बहुत रोमांचक मोड़ ले चुका है। भारत ने चौथे दिन वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 365 रनों का लक्ष्य दिया। बाद में दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 2 विकेट खोकर 76 रन बनाए हैं। भारत को अब पांचवें दिन जीत के लिए 8 विकेट चाहिए, जबकि वेस्टइंडीज को जीत के लिए 289 रन चाहिए।

अश्विन ने मैकेंजी और ब्रेथवेट का शिकार किया

चौथे दिन का खेल खत्म होने पर तेजनारायण चंद्रपॉल 24 और जर्मेन ब्लैकवुड 20 रन पर नाबाद लौटे। दोनों के बीच 32 रनों की साझेदारी हुई। इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रेथवेट 28 और किर्क मैकेंजी 00 रन पर पवेलियन लौटे। दोनों को रविचंद्रन अश्विन ने आउट किया।

रोहित ने फिफ्टी ठोकी

इससे पहले भारतीय टीम ने 2 विकेट पर 179 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस तरह वेस्टइंडीज को मैच जीतने के लिए 365 रनों का लक्ष्य मिला. भारत की ओर से दूसरी पारी में कप्तान रोहित शर्मा के अलावा इशान किशन ने अर्धशतक लगाया। रोहित शर्मा ने 44 गेंदों पर 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि इशान किशन 34 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। रोहित ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि इशान ने चार चौके और दो छक्के लगाए। वेस्टइंडीज के लिए शैनन गेब्रियल और जोमेल वारिकन ने 1-1 विकेट लिया।

मोहम्मद सिराज ने लिए 5 विकेट 

इससे पहले भारत ने पहली पारी में 438 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 255 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। वेस्टइंडीज की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 5 विकेट लिए।