श्रीलंका और पाकिस्तान की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले एशिया कप 2023 वनडे टूर्नामेंट की शुरुआत बुधवार 30 अगस्त से होगी। पांच अक्टूबर से विश्व कप का आयोजन होना है। ऐसे में सभी छह टीमों के पास विश्व कप की तैयारी और अपना टीम संयोजन तय करने के लिए इससे अच्छा मौका नहीं होगा। कप्तान रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारत और पाकिस्तान की टीम खिताब की प्रबल दावेदार हैं, पर मौजूदा चैंपियन श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम पलटवार करने का दमखम रखती हैं। वहीं, अफगानिस्तान और नेपाल के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी…

पाकिस्तान: प्रदर्शन में निरंतरता जरूरी

पाकिस्तान की विश्व कप में खेलने वाली टीम लगभग तय है। बाबर आजम की कप्तानी में टीम भले ही बड़े टूर्नामेंट में खिताब नहीं जीत सकी लेकिन वो फाइनल और सेमीफाइनल तक जरूर पहुंची है। टीम की बड़ी कमजोरी प्रदर्शन में निरंतरता की कमी है। टीम को लगातार मैच जीतने की आदत डालनी पड़ेगी।

बांग्लादेश: खेल का स्तर उठाना होगा

अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के हाथों में एकबार फिर टीम की कप्तानी है। बांग्लादेश टीम ने पिछले कुछ समय में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। बांग्लादेश टीम को यदि बड़े टूर्नामेंट जीतना है या फिर फाइनल तक का सफर तय करना है तो अपने खेल के स्तर को उठाना होगा।

भारत: प्रयोग बंद कर स्थायी अंतिम-11 तय करना जरूरी

खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के कारण भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय में काफी प्रयोग किए हैं। इस दौरान कई युवा खिलाड़ियों को मौके मिले और कई बार बल्लेबाजों के क्रम बदले गए। लेकिन अब विश्व कप शुरू होने में चंद दिन ही शेष हैं। ऐसे में भारतीय टीम को ऐसी अंतिम एकादश तय करने की जरूरत है जो विश्व कप तक लगातार मैच खेल सके।

श्रीलंका: दबाव से निपटना सीखना होगा

दासुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंकाई टीम ने 2022 में एशिया कप जीतकर सभी को हैरान कर दिया था। हालांकि तब टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में खेला गया था। लेकिन अब टूर्नामेंट वनडे प्रारूप में खेला जाएगा। ऐसे में श्रीलंकाई टीम को खिताब बचाए रखने के लिए दबाव में अच्छा प्रदर्शन करना सीखना होगा।