भारत और पाकिस्तान के बीच 15 साल बाद फिर टेस्ट मैच खेलने के आसार बने हैं। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में ये दोनों टीमें आखिरी बार 2007 में आमने सामने आई थीं और यह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। अब मेलबर्न के एतिहासिक मैदान पर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच खेला जा सकता है।
अक्तूबर में भारत और पाकिस्तान के बीच टी 20 विश्व कप का मुकाबला इसी मैदान पर खेला गया था। इस मैच में भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की थी। रिकॉर्ड 90,293 दर्शकों ने यह मैच देखा था। खबरों के मुताबिक एमसीजी का संचालन करने वाले मेलबर्न क्रिकेट क्लब और विक्टोरिया की सरकार ने भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच की मेजबानी को लेकर अनऔपचारिक पूछताछ की है।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट के चौथे दिन एसईएन रेडियो पर बोलते हुए, एमसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टुअर्ट फॉक्स ने यह खुलासा किया। ज्ञात हो कि ये दोनों देश सिर्फ एशिया कप और विश्व कप में एक दूसरे के खिलाफ खेलते हैं। फॉक्स ने कहा- 'बिल्कुल । एमसीजी में लगातार तीन (टेस्ट) शानदार होंगे। हर बार इसमें खचाखच दर्शक होंगे। हमने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से बात की है। हालांकि, हमें यह भी पता है कि यह काफी मुश्किल है। उम्मीद है, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आईसीसी के साथ इस पर बात करता रहेगा और इसके लिए जोर देता रहेगा।
जब आप दुनिया भर के कुछ स्टेडियमों को खाली देखते हैं, तो मुझे लगता है कि दर्शकों से भरे स्टेडियम में खेल का जश्न बेहतर होगा।' पाकिस्तान में होना है एशिया कप 2023 और 2027 के बीच के कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं है। 2023 एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है और इसी साल वनडे विश्व कप भारत में होना है। ऐसे में एक दूसरे के यहां यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।