टीम इंडिया के स्टार बैटर विराट कोहली की नेटवर्थ 1000 करोड़ रुपए के पार पहुंच गई है। 34 साल के कोहली की नेटवर्थ को लेकर यह खुलासा स्टॉक ग्रो कंपनी ने किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर 253 मिलियन (25 करोड़ 30 लाख) फॉलोअर्स वाले कोहली की नेटवर्थ 1050 करोड़ रुपए हो गई है।

पूर्व भारतीय कप्तान कोहली को बोर्ड ने कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में कैटेगरी में जगह दी है। कोहली को सालाना 7 करोड़ कॉन्ट्रैक्ट के तहत मिलते हैं। बीसीसीआई उन्हें एक टेस्ट के लिए 15 लाख, एक वनडे के लिए छह लाख और एक टी-20 मैच खेलने के लिए तीन लाख रुपए देता है।

ट्विटर पर प्रति पोस्ट 2.5 करोड़ करते हैं चार्ज सोशल मीडिया की बात करें तो इंस्टाग्राम पर कोहली एक पोस्ट के लिए 8.9 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। वहीं, ट्विटर पर वे प्रति पोस्ट 2.5 करोड़ रुपए लेते हैं। कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 25 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

18 से अधिक ब्रांड्स का करते हैं विज्ञापन कोहली ब्रांड एंडोर्समेंट से सालाना करोडों रुपए कमाते हैं। कोहली जितनी कमाई क्रिकेट से करते हैं, उससे चार गुना ज्यादा ऐड, ब्रांड एंडोर्समेंट और स्टार्टअप्स से कर रहे हैं। उन्होंने सात स्टार्टअप में निवेश किया है।