भारत ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज पर 5 विकेट की जीत हासिल की। यह टीम इंडिया की विंडीज पर लगातार नौवीं जीत है। विंडीज को भारत पर आखिरी जीत 2019 में चेन्नई के मैदान पर मिली थी। तब कैरेबियंस ने टीम इंडिया को 8 विकेट से हराया था। इस जीत से इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 जुलाई को ब्रिजटाउन में खेला जाएगा।
डेसमंड हैंस बोले- हेटमायर - थोमस की वापसी जरूरी थी
बारबाडोस के केनिंगटन ओवल मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया। पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई। 115 रन का टारगेट टीम इंडिया ने 22.5 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज ने होम ग्राउंड पर भारत के खिलाफ सबसे छोटा स्कोर बनाया। इससे पहले, टीम 1997 में पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत के खिलाफ 121 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
विंडीज का भारत के खिलाफ दूसरा सबसे छोटा स्कोर
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो यह विंडीज का भारत के खिलाफ दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले टीम 2018 में तिरुवनंतपुरम में 104 रन के स्कोर पर ऑलआउट हुई थी। टीम इंडिया की ओर से कप्तान रोहित शर्मा की जगह ओपन करने उतरे ईशान किशन और कुलदीप यादव ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया।
ईशान किशन (52 रन) ने करियर का चौथा वनडे अर्धशतक जमाया, जबकि कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने भी 3 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज को 114 रन पर ऑलआउट करने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने बैटिंग ऑर्डर में कई प्रयोग किये । पहले तो उन्होंने गिल किशन की युवा जोरी को ओपन - करने भेजा। उसके बाद कोहली की जगह पर सूर्यकुमार यादव, नंबर 4 पर पंड्या को बैटिंग करने का मौका दिया। इतना ही नहीं, रोहित खुद शार्दूल ठाकुर के आउट होने के बाद नंबर 7 पर बैटिंग करने उतरे। रोहित 12 साल बाद इस पोजिशन पर बैटिंग करने उतरे हैं। इससे पहले वे 2011 में नंबर 7 पर खेलने उतरे थे।