भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज़ों ने फिर लुटिया डूबा दी और जिससे ऑस्ट्रेलिया को तीसरे दिन जीत के लिए 76 रनों का टारगेट हासिल करना होगा।
पहली पारी में 109 रनों पर सिमटने वाली भारतीय टीम दूसरी पारी में भी बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण केवल 163 रन ही बना सकी। केवल चेतेश्वर पुजारा ही 59 रनों की पारी खेलने में क़ामयाब हुए। श्रेयस अय्यर ने 26 रन बनाए। वहीं मेहमान टीम के लिए नाथन लियोन ने आठ विकेट झटके।
पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया 88 रन से पिछड़ गई थी। ऐसे में अब ऑस्ट्रेलिया को यह मुकाबला जीतने के लिए 76 रन बनाना होंगे। इससे पहले दूसरे दिन पहले सत्र में ही आस्ट्रेलिया की पहली पारी 197 रनों पर सिमट गई थी। मेहमान टीम ने अपने आख़िरी 6 विकेट केवल 11 रनों में गँवा दिए थे।
गुरुवार को टेस्ट के दूसरे दिन मेहमान टीम ने 156/4 के स्कोर से पारी को आगे बढ़ाया। पीटर हैंड्सकॉम्ब (19) और कैमरून ग्रीन (21) स्कोर को 186 के तक ले गए, इसके बाद विकेट गिरने शुरू हुए और पूरी टीम 197 के स्कोर पर सिमट गई। जडेजा ने 4 और अश्विन-उमेश ने 3-3 विकेट झटके।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया के 109 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए थे। मेहमान टीम के लिए उस्मान ख्वाजा ने सर्वाधिक 60 रन बनाये। मार्नेस लबुशेन ने 31 और मुकाबले में कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ ने 26 रनों की पारी खेली थी।
इससे पहले टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस जीता था और कप्तान रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया था। टीम इंडिया की शुरुआत बेहद ख़राब रही थी और केवल 109 रनों के स्कोर पर पूरी की पूरी टीम आउट हो गई थी। टीम इंडिया के सारे विकेट ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने लिए। टीम इंडिया के लिए विराट कोहली ने सर्वाधिक 22 रन बनाये। इस मैच में शामिल किये गए शुबमन गिल ने 21 रनों का योगदान दिया वहीं कप्तान रोहित शर्मा केवल 12 रन बना सके। https://twitter.com/BCCI/status/1631257237258928129?s=20
चेतेश्वर पुजारा एक रन बनाकर पवेलियन लौटे वहीं बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किये गए रविन्द्र जडेजा भी कमाल नहीं दिखा सके और केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर कुहनेमन ने 5 और नाथन लियोन ने 3 और टॉड मर्फी ने 2 विकेट झटके।
टीम इंडिया ने दो बदलाव किए है। केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जगह उमेश यादव को टीम में शामिल किया है। सीरीज़ में 2-0 से पीछे चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भी दो बदलाव किये हैं। टीम में मिचेल स्टार्क और कैमरन ग्रीन को शामिल किया गया है जबकि अब तक कप्तान रहे पैट कमिंस के साथ मैट रेनशॉ टीम से बाहर हुए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11...
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, पीटर हैंड्सकम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, टॉड मर्फी और मैथ्यू कुहनेमन।
इंदौर के होल्कर मैदान में इस मुकाबले को जीतते ही भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। इतना ही नहीं, टीम लगातार चौथी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत लेगी, क्योंकि उसे चार मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त मिल जाएगी।