भारत में खेले जाने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप का इंतजार क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खत्म हो गया है। ICC ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक भारत में खेला जाएगा। पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। ये दोनों टीमें 2019 वर्ल्ड कप के फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ खेली थीं। ये दोनों टीमें टूर्नामेंट का पहला मैच 5 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेंगी। इसके साथ ही भारत का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 अक्टूबर को चेन्नई में खेला जाएगा। 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।

इस विश्व कप में कुल 10 देश हिस्सा लेंगे

इस विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। आठ टीमें पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं और बाकी दो स्थानों के लिए जिम्बाब्वे में क्वालीफायर राउंड खेले जा रहे हैं, जिसमें छह टीमें सुपर सिक्स में जगह बनाएंगी। इनमें से दो टीमें भारत में होने वाले विश्व कप के मुख्य दौर में हिस्सा लेंगी। फिलहाल पहले दो विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज की टीम इस विश्व कप से बाहर होने की कगार पर है। श्रीलंका और जिम्बाब्वे के मुख्य दौर में खेलने की संभावना सबसे ज्यादा है। विश्व कप में शामिल होने वाली बाकी दो टीमों का फैसला भी 9 जुलाई को होगा। विश्व कप शुरू होने में अब सिर्फ 100 दिन बचे हैं। 

वर्ल्ड कप 2023 में खेले जाने वाले भारत के सभी मैच:- 

8 अक्टूबर - भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
11 अक्टूबर - भारत बनाम अफगानिस्तान
15 अक्टूबर - भारत बनाम पाकिस्तान
19 अक्टूबर - भारत बनाम बांग्लादेश
22 अक्टूबर - भारत बनाम न्यूजीलैंड
29 अक्टूबर - भारत बनाम इंग्लैंड
2 नवंबर - भारत बनाम क्वालीफायर 2
5 नवंबर - भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
11 नवंबर - भारत बनाम क्वालीफायर 1 

विश्व कप ट्रॉफी का कल अनावरण किया गया

इससे पहले कल, आईसीसी पुरुष एकदिवसीय विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण अंतरिक्ष में किया गया था। ट्रॉफी को जमीन से 1,20,000 फीट की ऊंचाई पर अंतरिक्ष में लॉन्च किया गया और वहां इसका अनावरण किया गया। बाद में ट्रॉफी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में लाया गया। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

वर्ल्ड कप की उलटी गिनती शुरू

ट्रॉफी टूर के लॉन्च पर बोलते हुए, आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने कहा, “आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप ट्रॉफी टूर अब तक के सबसे बड़े क्रिकेट विश्व कप की उलटी गिनती में एक महत्वपूर्ण घटना है। क्रिकेट के एक अरब से अधिक प्रशंसक हैं और हम अधिक से अधिक लोगों को इस प्रसिद्ध ट्रॉफी के करीब आने का मौका देना चाहते हैं। ट्रॉफी का दौरा आज भारत में शुरू होगा और 4 सितंबर को मेजबान देश में ट्रॉफी वापस लाने से पहले दुनिया भर में यात्रा करेगा।