आईपीएल 2024 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दुबई में होगी। यह पहला मौका है, जब देश के बाहर आईपीएल ऑक्शन हो रहा है। यह एक मिनी ऑक्शन है और सभी टीमों के पास अधिकतर खिलाड़ी पहले से हैं। इस नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी कुछ नए खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम को और संतुलित करना चाहेंगी। अगले साल आईपीएल 2025 में मेगा ऑक्शन होना है।
इससे पहले यह आखिरी मिनी ऑक्शन है। बीसीसीआई के अनुसार इस साल कुल 1166 खिलाड़ियों ने खुद को नीलामी के लिए पंजीकृत कराया था। इनमें से 333 खिलाड़ियों को नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं।
इन 333 खिलाड़ियों में 116 ऐसे हैं, जो अपने देश के लिए खेल चुके हैं और 215 ऐसे हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई अनुभव नहीं है। दो खिलाड़ी एसोसिएट देशों से हैं। 10 टीमों के पास कुल 77 खिलाड़ियों की जगह खाली है, इसमें 30 विदेशी खिलाड़ियों की है।