श्रेयस अय्यर भारत में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप खेल सकते हैं। बेंगलुरु के नेशनल क्रिकेट एकेडमी में उन्हें नेट प्रैक्टिस करते देखा गया। नेट्स में बैटिंग करते उनका  वीडियो वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अय्यर वर्ल्ड कप से पहले ही 100 फीसदी फिट हो जाएंगे और टूर्नामेंट का हिस्सा भी होंगे। एशिया कप से पहले भी अय्यर का फिटनेस टेस्ट होगा। अगर वे इस टेस्ट को भी पास कर लेते हैं तो वह 31 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप में भी टीम इंडिया का हिस्सा बन सकते हैं। 

मार्च में चोटिल हुए, अप्रैल में सर्जरी कराईः श्रेयस अय्यर इसी साल में मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में चोटिल हो गए थे। चोट के कारण वह टेस्ट मैच में भारत की ओर से दूसरी पारी में बैटिंग करने भी नहीं उतरे थे। अप्रैल में अय्यर ने लंदन में पीठ की सर्जरी कराई।

सर्जरी के कारण अय्यर ने आईपीएल सीजन में कोलकाता से एक भी मैच नहीं खेला और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में भी भारत का हिस्सा नहीं हो सके। वह फिटनेस पर काम करते रहे और वेस्टइंडीज दौरे पर भी टीम का हिस्सा नहीं बन सके। 15 अप्रैल को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की सर्जरी हुई, 28 जून को उन्होंने भी नेट्स में गेंदबाजी करनी शुरू कर दी थी।

वह नेट प्रैक्टिस में तब हर दिन 7 ओवर गेंदबाजी कर रहे थे। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि वह जुलाई में कुछ प्रैक्टिस मैच भी खेलेंगे। श्रेयस अय्यर की सर्जरी 21 अप्रैल को हुई थी।