मौजूदा समय में रविंद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल टीम इंडिया के दो प्रीमियर स्पिन गेंदबाजों में से एक हैं। जडेजा ना सिर्फ अपनी गेंदबाजी से गदर मचा रहे हैं बल्कि बल्ले से भी वह खूब कहर ढाते हैं। यही कारण है कि वह आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हैं। वहीं युजवेंद्र चहल भी कुछ कम नहीं, लिमिटेड ओवरों में उनकी तूती बोलती है।

चहल से शायद ही कोई ऐसा बल्लेबाज बचा होगा जिसे उन्होंने अपनी फिरकी से नहीं छकाया हो लेकिन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अब्दुर रहमान की बात माने तो ये दोनों ही स्पिनर उनकी नजरों में कुछ खास नहीं हैं। हालांकि यह कोई नई बात नहीं है जब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने भारत के खिलाड़ियों के बारे में जहर उगला है, लेकिन इस बार तो सारी हदें पार हो गयीं।

अब्दुर का मानना है कि जडेजा एक साधारण गेंदबाज थे लेकिन महेंद्र सिंह की कप्तानी में उन्हें लगातार मौके मिलते रहे जिसके कारण उन्हें सफलता मिल पाई है। पाकिस्तान में नादिर अली के यूट्यूब के पॉडकास्ट में अब्दुर रहमान ने भारत के इन दोनों स्पिनरों के खिलाफ अपनी बात कही। शुरुआत में तो वह जडेजा और चहल पर कुछ नहीं बोलना चाहते थे लेकिन जोर देने पर उन्होंने अपने मन की बात कही।

अब्दुर रहमान ने कहा, जडेजा एक बेहद ही निम्न स्तर के गेंदबाज रहे हैं लेकिन महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में वह बन गए। उनके मार्गदर्शन के कारण उसे सफलता मिली और यही कारण है कि वह आज टॉप पर है।