टीम इंडिया में 12 साल बाद वापसी करने वाले जयदेव उनादकट ने एक बार फिर मैदान में तबाही मचाई है। जयदेव उनादकट ने रणजी में हैट्रिक लेते हुए दिल्ली की टीम की कमर तोड़ दी। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने दिल्ली के खिलाफ अपने पहले ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन शिकार किये। 

जयदेव उनादकट ने तीसरी गेंद पर दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ध्रुव शौरी को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने वैभव रावल का शिकार किया। इसके बाद उनादकट ने दिल्ली के कप्तान यश ढुल का शिकार करते हुए हैट्रिक पूरी की।

जयदेव उनादकट इसके बाद भी नहीं रुके। उन्होंने दिल्ली के पांच और बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखाई। उनादकट  के कहर से दिल्ली की पारी 133 रनों पर सिमट गई। उनादकट ने अपने घातक स्पैल में 39 रन देकर 8 विकेट लिए। दिल्ली के लिए ऋतिक शौकीन ने सबसे अधिक रन 68 रनों की नाबाद पारी खेली। 

बतौर गेंदबाज़ और कप्तान उनादकट एक बढ़िया दौर से गुज़र रहे हैं। पिछले महीने वह सौराष्ट्र की विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी जीत में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ थे। 10 मैचों में 3.33 की इकॉनमी से उनादकट ने 19 विकेट लिए थे। इसके बाद मीरपुर में टेस्ट टीम में वापसी पर उन्होंने अपना पहला टेस्ट विकेट झटका। भारत की जीत में उनादकट ने कुल मिलाकर तीन विकेट अपने नाम किए थे।