अर्जुन तेंदुलकर फिलहाल रणजी ट्रॉफी में गोवा के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने रणजी के डेब्यू मैच में शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी का हुनर दिखाया है। अब वे दूसरे मैच में अपनी शानदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। इस बीच, पूर्व में अर्जुन को प्रशिक्षित करने वाले युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने कहा कि उन्होंने सचिन तेंदुलकर को अर्जुन को अपनी मां से दूर रखने की सलाह दी थी। आइए जानते हैं योगराज सिंह ने ऐसा क्यों कहा?

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह इन दिनों भारतीय क्रिकेट जगत में चर्चा में हैं। अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में गोवा के लिए रणजी ट्रॉफी खेलना शुरु किया है। अर्जुन ने अपने डेब्यू मैच में राजस्थान के खिलाफ शतक जड़कर अपने पिता सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी की, सचिन ने 34 साल पहले अपने रणजी डेब्यू पर शतक लगाया था। 

रणजी ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में अर्जुन अपनी घातक गेंदबाजी से झारखंड के बल्लेबाजों को खासा परेशान कर रहे हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अर्जुन की शानदार शुरुआत का श्रेय उनके कोच योगराज सिंह को जाता है, जिनकी देखरेख में इस युवा खिलाड़ी ने कुछ दिनों तक प्रशिक्षण लिया था।

एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने बताया कि अर्जुन को ट्रेनिंग देने के लिए उन्होंने सचिन तेंदुलकर को एक सलाह दी थी। योगराज सिंह ने कहा था, "मैंने सचिन से एक बात कही थी, 'अर्जुन को उसकी मां से दूर रखो'. कोई भी मां अपने बच्चे को चोटिल, सूजन या उसका खून बहते देखना नहीं चाहती।

योगराज सिंह ने आगे कहा, 'मैंने सचिन से कहा कि मैं चाहता हूं कि अर्जुन ध्यान केंद्रित करे और जो कर रहा है वही करता रहे। मैंने सचिन से कहा कि आपका बेटा जीनियस है और मुंबई ने अब यह टैलेंट खो दिया है। अर्जुन आगे चलकर दुनिया के महानतम क्रिकेटरों में से एक बनेंगे। मैं सचिन के लिए अर्जुन बनाना चाहता हूं। वह युवी की तरह निडर हो जाएगा। अर्जुन को अपने पिता की छाया से बाहर आने की जरूरत थी। मैंने उनसे कहा- आप पहले अर्जुन हैं और फिर अर्जुन तेंदुलकर और सचिन के बेटे।

बता दें कि योगराज सिंह अपनी कड़ी ट्रेनिंग के लिए जाने जाते हैं। क्रिकेट ट्रेनिंग के दौरान योगराज युवराज सिंह के साथ काफी सख्त थे। युवराज सिंह के सन्यास लेने के बाद, योगराज सिंह ने स्वीकार किया कि वह कभी-कभी युवराज पर बहुत कठोर थे, क्योंकि वह एक बात साबित करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि मैं अपने बेटे का शुक्रगुजार हूं और मैं हमेशा उससे कहता हूं कि मुझे उस पर गर्व है।

6 साल की उम्र के आसपास, युवराज स्केटिंग कर रहा था और टेनिस खेल रहा था, लेकिन योगराज को यह पसंद नहीं था और वह उसके स्केट्स और टेनिस रैकेट तोड़ देते थे। युवराज सिंह रोते हुए सेक्टर 11 स्थित अपने घर को जेल कहते थे। योगराज ने यह भी खुलासा किया कि वह उन्हें ड्रैगन लायन कहकर बुलाते थे। युवराज के पिता ने कहा कि एक पिता के रूप में उन्हें यह अधिकार है कि वे अपने बेटे को अपना सम्मान बहाल करने और फिर से गर्व के साथ चलने के लिए कहें।

योगराज सिंह ने कहा, "युवराज छह साल का था जब मैं उसे सेक्टर 16 के स्टेडियम में ले गया जहां मैं ट्रेनिंग कर रहा था। वहां पेस एकेडमी थी और मैं युवराज को बिना हेलमेट के अभ्यास करने के लिए कहता था। वह क्रिकेट से नफरत करता था और मैंने उसे क्रिकेट सिखाया।" प्यार दिया, जो अब उसकी जिंदगी है। उसे क्रिकेट की लत लग गई और अब उसे जो मिला, वो पूरी दुनिया जानती है।'