कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह ने क्रिकेट फैन्स को क्रेज़ी कर दिया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर में आखिरी पांच गेंदों पर पांच छक्के लगा, रिंकू ने वो कारनामा किया जो लम्बे समय तक याद रखा जाएगा।
रिंकू ने पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़ कोलकाता को हारी हुई बाजी जिता दी। गरीब परिवार से आने वाले रिंकू को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 55 लाख रुपये में शामिल किया था। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आने वाले रिंकू के पिता एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी करते थे।
यहाँ तक कि 2015-16 सीजन के दौरान जब रिंकू के परिवार पर पांच लाख रुपये का कर्ज था, तब रिंकू ने झाड़ू और पोछा लगाने की नौकरी भी शुरू कर दी थी। इन सभी बातों को याद करते हुए रिंकू ने कहा कि मैंने जो भी गेंद मैदान से बाहर मारी वह उन लोगों को समर्पित है जिन्होंने मेरे लिए इतना त्याग किया।
बता दें कि KKR को आखिरी ओवर में 29 रन की जरूरत थी। यश दयाल गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर उमेश यादव ने एक रन लिया और रिंकू सिंह को स्ट्राइक दिया। इसके बाद अगली पांच गेंदों पर कोलकाता को 28 रन की जरूरत थी, लेकिन रिंकू ने लगातार पांच छक्के लगा इतिहास रच दिया।