आईपीएल से बाहर होने के साथ ही टीम इंडिया के टेस्ट उपकप्तान KL राहुल अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल से भी बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए टीम में राहुल के रीप्लेसमेन्ट का ऐलान कर दिया है।
BCCI ने KL राहुल के स्थान पर ईशान किशन को टीम में शामिल किया है। इशान किशन के साथ ही ऋतुराज गायकवाड, मुकेश कुमार और सूर्यकुमार यादव स्टैंडबाय प्लेयर्स घोषित किए गए हैं। इससे पहले राहुल चोट के कारण IPL के इस सीजन से भी बाहर हो गए थे।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान राहुल की चोट को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि राहुल की चोट का स्कैन और कुछ टेस्ट कराने के बाद सामने आया कि उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ेगा। हम राहुल को इस कठिन समय में पूरा सहयोग करेंगे ताकि वह बेहतर रिकवरी कर सके। हमें उनकी कमी जरूर महसूस होगी। हम केएल को फिर से जल्द मैदान पर देखना चाहते हैं और हमें उम्मीद है कि वह ऐसा करने में कामयाब हो सकेंगे।
गौरतलब है कि राहुल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए थे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में वह नहीं खेले थे। राहुल की जगह पर उस मैच में कप्तानी का जिम्मा ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या ने संभाला था।