जिस फ्रैंचाइजी ने बेआबरू करके टीम से बाहर का रास्ता दिखाया था। उसी के खिलाफ अपना बेस्ट प्रदर्शन देना हर खिलाड़ी की ख्वाहिश होती है। पिछले सीजन ही इस सपने को जी चुके कुलदीप यादव का बदला अब तक पूरा नहीं हुआ है। तभी तो गुरुवार रात दिल्ली की ओर से इस चाइनामैन ने कोलकाता नाइटराइडर्स की कमर ही तोड़ दी। लगातार दो गेंदों में दो विकेट लेकर केकेआर को ऐसे बैकपुट में धकेला, जिससे टीम कभी उबर ही नहीं पाई। बाएं हाथ के अपरंपरागत स्पिनर ने दो विकेट लिए लगातार दो गेंदों पर और दोनों ही बल्लेबाज का नाम रॉय था।
इनमें एक अंग्रेज था तो दूसरा भारतीय। यह घटना KKR की पारी के 15वें ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर हुई। कुलदीप यादव ने सबसे पहले केकेआर के लिए डेब्यू कर रहे जेसन रॉय को स्टंप्स पर फ्लाइट डिलीवरी के साथ आउट किया। बल्लेबाज ने स्लॉग स्वीप की कोशिश की, लेकिन कैच आउट हो गए। वार्नर ने 10वें ओवर में गेंद कुलदीप यादव को सौंपी थी, जिनका स्वागत रॉय ने छक्का लगाकर किया। कुलदीप के पहले ओवर में 10 रन बने ।
केकेआर के लिए सर्वाधिक 43 रन बनाने वाले जेसन रॉय की पारी का अंत 15वें ओवर में हुआ। कुलदीप ने फिर अगली ही गेंद पर अनुकूल रॉय (0) को एलबीडब्ल्यू आउट किया हालांकि हैट्रिक लेने से चूक गए। कुलदीप ने तीन ओवर में सिर्फ 15 रन देकर दो विकेट चटकाए।