एशिया कप में 15 सितंबर को आखिरी सुपर-4 मुकाबले में भारत के खिलाफ बांग्लादेशी टीम में मुश्फिकुर रहीम की जगह लिट्टन दास विकेटकीपिंग करते दिखाई दे सकते हैं। हालांकि बांग्लादेशी टीम टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी है। रहीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी।

बांग्लादेश की टीम एशिया कप के मौजूदा सीजन से बाहर हो चुकी हैं। टीम ने सुपर- 4 स्टेज में एक भी मुकाबला नहीं जीता। टीम को पाकिस्तान ने 7 विकेट और श्रीलंका ने 21 रन से हराया है। बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम भारत के खिलाफ एशिया कप में टीम का आखिरी मुकाबला नहीं खेलेंगे। रहीम को छुट्टियां दी हैं, ताकि वे अपने नवजात बच्चे और परिवार को अधिक टाइम दे सके। दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो के मैदान पर 29 रन बनाए थे। उन्होंने 6 सितंबर को लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ 64 रनों की अर्धशतकीय पारी भी खेली थी। रहीम ने इस टूर्नामेंट के 4 मैच में 32.75 के एवरेज से 131 रन बनाए हैं। इनमें एक फिफ्टी शामिल हैं।

भारतीय टीम पहले ही फाइनल में
बता दें टीम इंडिया अपने आखिरी सुपर-4 मुकाबले से पहले ही एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने श्रीलंका पर 41 रनों की जीत हासिल की। पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम के 4 अंक हो गए हैं। इसलिए वह फाइनल में पहुंच गया।