श्रीलंका और पाकिस्तान पर अप्रत्याशित जीत के बाद अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की रेस में तेजी से दौड़ना शुरू कर दिया है। हालांकि, इसके बावजूद अफगानिस्तान का सेमीफाइनल में जगह तय होना अपनी जीत के साथ अन्य टीम के नतीजों पर भी निर्भर है। अफगान टीम को अपनी सेमीफाइनल की आस को जिंदा रखने के लिए नीदरलैंड्स को हराना जरुरी है।

दोनों का मुकाबला दोपहर 2 बजे से लखनऊ में होगा। यहां जीतकर अफगानिस्तान अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया की बराबरी कर लेगी। नीदरलैंड्स ने भी बांग्लादेश और द. अफ्रीका को मात दी है। अफगानिस्तान की जीत के साथ टूर्नामेंट और दिलचस्प हो जाएगा। 

अफगानिस्तान के लिए लखनऊ की पिच पर उनके स्पिनर बहुत अहम साबित होंगे। अब अफगानी स्पिनर्स को उनके पेस गेंदबाज और बल्लेबाजों का साथ भी मिल रहा है। ऐसे में इस मैच में अफगानिस्तान फेवरेट है, लेकिन नीदरलैंड्स को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

शाहिदी ने इस टूर्नामेंट में बल्लेबाज के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन, मैच में उनकी हाइलाइट कप्तानी रही है। उन्होंने टीम को बेहतरीन तरीके से लीड किया है। बास डी लीडे का टूर्नामेंट में अब तक प्रदर्शन औसत रहा है। लेकिन नीदरलैंड्स के इस ऑलराउंडर में अपने दम पर मैच पलटने की काबिलियत है।