एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद अब द्विपक्षीय सीरीज का दौर शुरू हो चुकी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज से इसकी शुरुआत हो गई है। इसके बाद पांच देशों न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और बाकी टेस्ट प्लेइंग देशों की भी सीरीज शुरू हो जाएंगी।
भारत अगले 12 महीने में कुल 15 टेस्ट खेलेगा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर में टेस्ट की शुरुआत होगी और अगले साल दिसंबर में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से साल का अंत होगा। टी-20 वर्ल्ड कप के रूप में अगला आईसीसी टूर्नामेंट 6 महीने बाद जून 2024 में खेला जाएगा। उससे पहले भारत में आईपीएल मैच भी खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया से घर में 5 टी-20 की सीरीज
ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी अभी भारत में ही हैं। वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी देश नहीं लौट रहे, क्योंकि उन्हें 23 नवंबर से टीम इंडिया के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज भी खेलनी है। होने वलो मुकाबले 26 और 28 नवंबर के साथ 1 और 3 दिसंबर को होंगे। सभी मैच भारत में होंगे, इसलिए शाम 7 बजे ही शुरू हो जाएंगे, जो रात करीब 10.30 से 11 बजे तक चलेंगे। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी टी-20 सीरीज सितंबर 2022 के दौरान भारत में ही हुई थी। तब 3 टी-20 की सीरीज को भारत ने 2-1 के अंतर से जीता था। आईसीसी का अगला वर्ल्ड कप टी-20 फॉर्मेट में 6 महीने बाद ही होगा तब तक टीमें ज्यादा से ज्यादा टी-20 खेलकर अपनी बेस्ट टीम चुनने पर ध्यान देंगी। इसी लिहाज से भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए सीरीज अहम है। दोनों टीमें एक-एक बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत भी चुकी हैं, इसलिए अब उनकी नजरें दूसरे खिताब पर हैं।
इंग्लैंड से घर में 5 टेस्ट खेलेंगे
इंग्लैंड टीम 3 साल भारत में टेस्ट सीरीज खेलने आएगी। इस बार सीरीज में 5 मुकाबले होंगे। 25 से 29 जनवरी को पहला टेस्ट, 2 से 6 फरवरी तक दूसरा टेस्ट, 15 से 19 फरवरी तक तीसरा टेस्ट, 23 से 27 फरवरी तक चौथा टेस्ट और 7 से 11 मार्च तक पांचवां टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज अगस्त 2021 के दौरान इंग्लैंड में हुई थी। 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। भारत में दोनों के बीच आखिरी सीरीज फरवरी 2021 में हुई थी, 4 टेस्ट की इस सीरीज को भारत ने 3-1 से जीता था वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए टेस्ट सीरीज बेहद अहम है।
साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलेंगे
टीम इंडिया दिसंबर में साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएगी। टीम यहां 3 टी-20, 3 वनडे और 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी। दौरा 10 दिसंबर से शुरू होकर 7 जनवरी तक चलेगा। 10, 12 और 14 दिसंबर को टी-20 मुकाबले होंगे। 17, 19 और 21 दिसंबर को वनडे खेले जाएंगे। 26 दिसंबर से सेंचूरियन में पहला और 3 जनवरी से केपटाउन में दूसरा टेस्ट मैच शुरू होगा। साउथ अफ्रीका और भारत के बीच आखिरी टी-20 सीरीज सितंबर 2022 के दौरान भारत में ही हुई थी। तब 3 मैचों की सीरीज भारत ने 2-1 के अंतर से जीती थी। दोनों के बीच आखिरी वनडे सीरीज पिछले साल अक्टूबर के दौरान भारत में ही हुई थी। इसे भी भारत ने 2-1 से जीता था। दोनों के बीच पिछली टेस्ट सीरीज 2021 के दौरान साउथ अफ्रीका में ही हुई थी, 3 टेस्ट में भारत को 1-2 के अंतर से हार मिली थी।
श्रीलंका और न्यूजीलैंड से घरेलू सीरीज खेलेंगे
जून 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद करीब एक से डेढ़ महीने तक टीम इंडिया कोई इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेगी। इस दौरान संभव है कि बांग्लादेश, आयरलैंड या अफगानिस्तान के खिलाफ कोई वनडे या टी-20 सीरीज हो जाए। सितंबर में टीम इंडिया श्रीलंका जाएगी, जहां उन्हें 3 वनडे और 3 टी-20 की सीरीज खेलनी है। इस दौरे का शेड्यूल अब तक तय नहीं है। श्रीलंका टीम इंडिया को पिछली 13 वनडे सीरीज से हरा नहीं सका है। दोनों के बीच आखिरी सीरीज इसी साल जनवरी में हुई थी।