साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई तीन मैच की टी-20 सीरीज में जमकर रन बरसे। दूसरे टी-20 के बाद तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भी दोनों टीमों ने 200+ स्कोर बनाया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने स्कोर बोर्ड पर 220 रन टांग दिए। इस दौरान मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज निकोलस पूरन की आतिशी पारी देखने को मिली। पूरन ने क्रीज पर उतरते ही धमाका कर दिया। महज 19 गेंदों में ही दो चौके और चार छक्के की मदद से 41 रन कूट दिए। वह तेजी से अर्धशतक की ओर जा रहे थे कि लुंगी एनगिडी की बॉल पर विकेट के पीछे क्विंटन डिकॉक ने धर लिया।

एक ही ओवर में तीन छक्के : 215.78 की स्ट्राइक से बैटिंग करने वाले पूरन ने सातवें ओवर में तीन छक्के ठोककर हाहाकार मचा दिया। स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स फोर्टुइन को नानी याद दिला दी। दूसरी गेंद पर ओवर का पहला छक्का खाने के बाद अगली गेंद पर भी सिक्सर लगा। इस दफा लेग स्टंप पर आई शॉर्ट बॉल का पूरन ने क्रीज की गहराई में जाकर इंतजार किया और डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से इतना लंबा छक्का ठोका कि देखने वाले देखते रह गए। अगली गेंद पर जैसे-तैसे बचने के बाद फोर्टुइन ने पांचवीं गेंद एकदम स्लॉट में डाल दी, पूरन ने इसे भी डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से छह रन के लिए भेज दिया।